वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नीमच 01 अक्टूबर 2026। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, नीमच परिसर में चल रहे उन्नयन एवं निर्माण कार्यों का नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन कक्षों एवं सुविधाओं का जायजा लेते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने बताया कि उन्नयन कार्य पूर्ण होने के बाद रेड क्रॉस परिसर में निवासरत वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। परिसर में कक्षाओं के साथ ऑडियोमेट्री जांच केंद्र सहित विभिन्न कक्षों एवं सुविधाओं का उन्नयन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि परिसर में स्किल सेंटर भी विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से दिव्यांगजनों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इससे दिव्यांगजनों के कौशल विकास के साथ उनकी आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. स्वप्निल वाधवा सहित जनप्रतिनिधि एवं रेड क्रॉस परिसर का स्टाफ उपस्थित रहा।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच

Leave A Reply

Exit mobile version