डिंडौरी, 3 सितंबर 2026। विकासखंड अमरपुर के ग्राम सक्का में नलजल योजना की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया को बताया था कि खरमेर नदी पर नेशनल हाईवे के पुल निर्माण के दौरान हिलवेस कंपनी द्वारा नलजल योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई है। इससे गांव में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित कंपनी को पाइपलाइन शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही नेशनल हाईवे की ओर से हिलवेस कंपनी को नोटिस भी जारी किया गया था।
इसी क्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने गुरुवार को ग्राम सक्का पहुंचकर खरमेर नदी स्थित जलस्रोत का निरीक्षण किया। उन्होंने नलजल योजना की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के साथ खरमेर नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्य का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि हिलवेस कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को पुनः स्थापित कर दिया गया है।
कलेक्टर ने पाइपलाइन की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए ठेकेदार को निर्देश दिए कि पाइपलाइन को केवल सतह पर रखने के बजाय सीमेंट एवं गिट्टी से मजबूती से दबाया जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन को पर्याप्त सुरक्षा मिलने से भविष्य में इसके दोबारा क्षतिग्रस्त होने की आशंका कम होगी और ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम सक्का में स्थापित फिल्टर प्लांट का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलस्रोत और पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा खरमेर नदी में निर्मित जलस्रोत तथा वहां स्थापित मोटर का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
प्रशासन की त्वरित पहल से पाइपलाइन दुरुस्त होने के बाद ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
