रायपुर। यातायात थाना पचपेड़ी नाका के प्रभारी निरीक्षक गोविंद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ऑटो में छूटा महिला का कीमती सामान बरामद कर सुरक्षित वापस लौटा दिया। बैग में सोने के कान के जेवर, ₹9,000 नकद सहित अन्य जरूरी सामान था।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को महिला घड़ी चौक से ऑटो में सवार होकर पचपेड़ी नाका पहुंची थीं। उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल CCTV फुटेज खंगाली। ऑटो का नंबर स्पष्ट नहीं था, लेकिन उसके सामने “जय महाकाल” लिखा नजर आया।
इस सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने लगातार दो दिनों तक शहर के विभिन्न ऑटो स्टैंड और मार्गों पर तलाश की। 19 सितंबर को ऑटो और उसके चालक राजा शर्मा की पहचान कर उसे थाने बुलाया गया। चालक के पास महिला का बैग सुरक्षित मिला।
महिला की मौजूदगी में बैग खोलकर सामान का मिलान किया गया, जिसमें सोने के जेवर, ₹9,000 नकद और अन्य सामान सही-सलामत मिला। महिला ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद यादव के नेतृत्व में आरक्षक क्रमांक 2418 रज्जाक खान की विशेष भूमिका रही।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version