चिरमिरी के श्री श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंचे जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

 

चिरमिरी – एमसीबी जिले के चिरमिरी स्थित प्रसिद्ध श्री श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर में उस समय भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया, जब जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी मंदिर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल स्वास्थ्य मंत्री छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे।

जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी के दर्शन किए तथा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर देश, प्रदेश और समस्त मानव समाज के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति संगीत के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

 

इस अवसर पर उन्होंने मंदिर के बाबा महंत श्री पुरुषोत्तम पुरी जी से सौजन्य मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों संतों के बीच धर्म, संस्कृति एवं समाजहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी ने बाबा महंत के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

 

मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं द्वारा जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी का आत्मीय स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। उनके आगमन से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।

 

गौरतलब है कि चिरमिरी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी लगातार विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर रहे हैं। उनके प्रवास को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Exit mobile version