पहले विजेता को ₹1 लाख, 19 अन्य विजेताओं को भी मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
गरियाबंद। जिले में खेल संस्कृति और प्रतिभाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती ने क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को लेकर अभियान तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में गरियाबंद सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ के प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय, जिला अध्यक्ष शारद पारकर, उपाध्यक्ष अजय रोहरा एवं जिला मंत्री पूरन लाल यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे।
प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय ने खिलाड़ियों एवं कोचों से संवाद कर जिले में खेल गतिविधियों, संसाधनों और प्रतिभाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में प्रतिभाओं की कमी नहीं, जरूरत उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और अवसर देने की है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का विकास करने का सशक्त माध्यम है।
6 सितंबर को ऑनलाइन परीक्षा सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे के बीच आयोजित होगी। प्रतिभागियों को 20 मिनट में 50 प्रश्न हल करने होंगे। न्यूनतम 12 वर्ष आयु के प्रतिभागी मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर या टैबलेट से परीक्षा दे सकेंगे। सहयोग राशि मात्र 20 रुपये निर्धारित है।
परीक्षा में प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख, द्वितीय पुरस्कार ₹50 हजार के दो, तृतीय पुरस्कार ₹25 हजार के छह तथा चतुर्थ पुरस्कार ₹11 हजार के 11 पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार चैतन्य कुमार कश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित हैं। पुरस्कार 12 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को दिए जाएंगे।
उपाध्यक्ष अजय रोहरा ने खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, कोच, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में परीक्षा में शामिल होने की अपील की। ऑनलाइन पंजीयन www.kreedabharatikgp.org के माध्यम से किया जा सकता है।
बैठक में संजीव साहू, सूरज महादिक, गिरीश शर्मा, दीपक सरवैया, सलीम मेमन, विकास रोहरा, अमित ठक्कर, दानवीर साहू, राहुल साहू, महेंद्र यादव, नितिन बखरोया, वंजारी जी, खुमन साहू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं कोच मौजूद रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
