कोरबा के बहुचर्चित सामूहिक दुष्कर्म एवं तिहरे हत्याकांड की उत्कृष्ट विवेचना के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान। 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी और 24 दिन में न्यायालय में चालान पेश कर दिखाई थी असाधारण कार्यकुशलता।
कांकेर। जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू को उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें पूर्व में जिला कोरबा में पदस्थापना के दौरान किए गए उत्कृष्ट विवेचना कार्य के लिए मिला है।
श्री साहू ने कोरबा के थाना लेमरू क्षेत्र में हुए बहुचर्चित सामूहिक दुष्कर्म एवं तिहरे हत्याकांड की विवेचना में उल्लेखनीय दक्षता का परिचय दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने घटना के 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कराया तथा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित कर महज 24 दिनों में न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया।
मजबूत विवेचना और प्रभावी साक्ष्य संकलन का परिणाम रहा कि 15 जनवरी 2025 को माननीय अपर सत्र न्यायाधीश, FTSC (POCSO), कोरबा ने प्रकरण के पांच आरोपियों को मृत्युदंड तथा एक आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
श्री योगेश कुमार साहू की यह उपलब्धि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, सूझबूझ, उत्कृष्ट अनुसंधान क्षमता और पेशेवर दक्षता का प्रमाण है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान कांकेर पुलिस के लिए गौरव का विषय है तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
कांकेर पुलिस सहित पुलिसवाला न्यूज़ की ओर से श्री योगेश कुमार साहू को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
