सतना मध्य प्रदेश

सतना 31 अक्टूबर 2026/प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सतना में माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पांच पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की पूर्व जिला संगठक डॉ. क्रांति मिश्रा, जिला संगठक डॉ. मनीष प्रताप सिंह, डॉ. गरिमा सिंह एवं माय भारत जिला युवा अधिकारी श्री तनिष्क विजयवर्गीय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. क्रांति मिश्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। जिला संगठक डॉ. मनीष प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संदेश देता है। युवाओं को सामाजिक कार्यों एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। माय भारत जिला युवा अधिकारी तनिष्क विजयवर्गीय ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का अच्छा माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से माय भारत के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अतुल पाण्डेय, मोहित कुशवाहा, ज्योति कुशवाहा एवं विजय सिंह कुशवाहा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया

प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो

Leave A Reply

Exit mobile version