*करोड़ों की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुआं मैं अनियमितताओं का भंडार,
बिना निरीक्षण किये विभाग ने लिया हैंडोवर*
कटनी
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और अंतिम छोर तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा आयुष्मान आरोग्यम मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी योजनाएं शुरू की गईं । इन योजनाओं का मकसद था कि गांव-गांव में प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु देखभाल, टीकाकरण और सामान्य बीमारियों की जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हों । लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर दिखाई दे रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है आयुष्मान आरोग्यम मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुआ का, जहां भवन तो बन गया, लेकिन उस पर ताला लटका हुआ है। पदस्थापना न होने के कारण यह केंद्र केवल कागजों में संचालित है, जबकि जमीनी हकीकत में मरीज दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
भवन तैयार, लेकिन सेवा शून्य
ग्राम कुआ में बनाए गए आयुष्मान आरोग्यम मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन देखने में भव्य और व्यवस्थित नजर आता है।ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब उन्हें छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा । गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। लेकिन उद्घाटन के बाद भी केंद्र में ताला पड़ा हुआ हैं । आज स्थिति यह है कि भवन के मुख्य द्वार पर ताला लटका है और परिसर में सन्नाटा पसरा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां अब तक किसी स्थायी स्वास्थ्यकर्मी, नर्स या डॉक्टर की पदस्थापना नहीं की गई है। जब पदस्थापना ही नहीं हुई, तो फिर इस भवन के निर्माण का क्या औचित्य है?लोगों का आरोप है कि केवल आंकड़ों में उपलब्धि दिखाने के लिए भवन बना दिया गया, लेकिन संचालन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
मरीजों की बढ़ती परेशानी
कुआं और आसपास के गांवों के लोगों को अब भी 8 से 10 किलोमीटर दूर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है।बरसात के दिनों में यह दूरी और भी मुश्किल हो जाती है। कई बार समय पर इलाज न मिलने से मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। अगर गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चालू होता, तो प्राथमिक सहायता तुरंत मिल सकती थी। बुजुर्गों और बच्चों को बुखार, खांसी, सर्दी या चोट लगने जैसी सामान्य समस्याओं के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
सरकारी योजनाओं पर उठते सवाल
सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। आरोग्यम केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की बात कही जाती है। लेकिन कुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का बंद पड़ा होना यह दर्शाता है कि योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरती गई है।यदि भवन निर्माण के बाद स्टाफ की नियुक्ति ही नहीं की गई, तो क्या संबंधित विभाग ने पूर्व योजना नहीं बनाई थी? क्या केवल निर्माण कार्य पूरा कर लेना ही उपलब्धि मान ली गई? ऐसे सवाल ग्रामीणों के मन में उठ रहे हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों को केवल निरीक्षण और कागजी रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
नमूना भवन बनकर रह गया केंद्र
स्थानीय लोगों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब नमूना भवन बनकर रह गया है। बाहर से देखने पर यह विकास का प्रतीक लगता है, लेकिन अंदर कोई गतिविधि नहीं है। न दवाइयां, न उपकरण, न कर्मचारी केवल खाली कमरे और बंद दरवाजे। स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का मूल अधिकार है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी वही सुविधा मिलनी चाहिए, जो शहरों में उपलब्ध है।लेकिन कुआ गांव के लोग इस अधिकार से वंचित हैं। योजनाओं की घोषणाएं तो होती हैं, लेकिन उनका लाभ जमीन पर नहीं पहुंच पाता।
बिना निरीक्षण के विभाग ने लिया हैंडोवर
आयुष्मान आरोग्यम मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुआं
मैं ठेकेदार के द्वारा अधूरा कार्य किया गया जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे खदान बनी हुई है उसकी फीलिंग भी नहीं की गई और तो और पीछे पड़े हुए पेड़ों को भी नहीं हटाया गया ना ही वहां पर किसी प्रकार की फीलिंग की गई ट्रांसफार्मर भी व्यवस्थित तरीके से नहीं लगाया गया। एवं ट्रांसफार्मर के आसपास खुल्ला तारों का जाल फैला हुआ है वही ठेकेदार के द्वारा कहीं साफ सफाई नहीं कराई गई, ढेर सारी अनियमितताएं ठेकेदार के द्वारा छोड़ दी गई हैं फिर भी तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कटनी के द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हैंडोवर ले लिया गया आखिर विभाग के पास कौन सी ऐसी स्थिति बनी हुई थी कि बगैर निरीक्षण किये तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कटनी के द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हैंडोवर लिया गया आगे देखना यह होगा की ढेर सारी अनियमिताओं के चलते स्वास्थ्य विभाग के वारिष्ठ अधिकारी ठेकेदार पर क्या कार्रवाई करते हैं
🖋️ पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट
Trending
- स्लीमनाबाद पुलिस को गुमशुदा नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त हुईं।
- गांधीनगर में चाकूबाजी के तीन आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
- गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही 34 प्रकरणों में 560.680 किलो से अधिक मादक पदार्थ गांजा और 190 नशीली टेबलेट का कराया गया, नष्टीकरण।
- कल कांग्रेस का विधानसभा घेराव, इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक जाम
- रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता: ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर करोड़ों की ठगी करने वाला मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार
- रक्षक बना भक्षक: खाली ट्रैक्टर को रेत परिवहन में फंसाने की धमकी देकर आरक्षक ने ऐंठे रुपए, एसपी से शिकायत
- रायपुर/नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ कैडर के प्रखर और विजनरी आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं देंगे।
- ❗दमुआ में दर्दनाक हादसा: रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटा, तीन युवकों की दबकर मौत
