शुक्ला ढाबा के पास भीषण दुर्घटना, बिना हेलमेट बाइक चला रहा था युवक; अनूपपुर थर्मल पावर प्लांट में गार्ड की नौकरी के सिलसिले में गया था शुभम
कोतमा। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम शुक्ला ढाबा के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मनेंद्रगढ़ की ओर से आ रही बाइक सड़क किनारे पंचर बनवा रहे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 26 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे NH-43 पर शुक्ला ढाबा के पास स्थित पंचर की दुकान पर ट्रक क्रमांक MP 15 HA 1445 का पंचर बनाया जा रहा था। इसी दौरान मनेंद्रगढ़ की दिशा से आ रही बाइक क्रमांक MP 65 ZC 1787 अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में बाइक चालक शुभम यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मौके पर जुटी भीड़, 112 और 1033 को दी सूचना
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 और 1033 पर कॉल कर पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद 1033 की सहायता से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया गया।
नौकरी के सिलसिले में गया था थर्मल पावर प्लांट
मृतक की पहचान शुभम यादव, माता सीमा यादव, निवासी कुशियारा फाटक, जमुना के रूप में बताई गई है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार शुभम अनूपपुर थर्मल पावर प्लांट में गार्ड की नौकरी के सिलसिले में गया था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक अनियंत्रित कैसे हुई, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
दिनेश केवट
अनुपपुर

