ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई, दो कारों और पांच मोबाइल सहित 72.45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
धमतरी। एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 131.668 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सायबर थाना एवं थाना अर्जुनी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर श्यामतराई नाका में घेराबंदी कर टाटा नैनो और स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन उर्फ सचिन ईगेडे, रामेश्वर दांडगे, राबिनसन फर्नांडिस, लखन बेलदार और गणेश पाटिल के रूप में हुई है। सभी महाराष्ट्र के निवासी हैं।
पुलिस ने 65.83 लाख रुपये के गांजे, दो कारों और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







