मंडला। स्थानीय शासकीय एकीकृत हाई स्कूल बिंझिया में बाल दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश कुमार पांडे के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
बाल मेले में दिखा बच्चों का व्यावसायिक कौशल
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा लगाया गया ‘बाल मेला’ रहा। इसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और प्रबंधन क्षमता का परिचय देते हुए स्वयं विभिन्न व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए। स्टॉलों पर भेल, समोसा, मोमोज, साबूदाना वड़ा, आलू बंडा, मिठाइयाँ, फ्रूट सलाद, चाय और जैसे लजीज व्यंजनों की धूम रही। नन्हे दुकानदारों के उत्साह और ग्राहकों को आकर्षित करने के अंदाज की सभी ने सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और केक कटिंग से बढ़ा उत्साह
मेले के साथ-साथ विद्यार्थियों ने रंगारंग और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ देकर समारोह में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम को और भी यादगार बनाने के लिए प्राचार्य श्री मुकेश कुमार पांडे द्वारा सभी बच्चों के लिए विशेष रूप से केक मंगवाया गया। प्राचार्य और शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर केक काटा और खुशियां साझा कीं, जिससे विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
प्राचार्य ने की बच्चों की सराहना
इस अवसर पर प्राचार्य श्री मुकेश कुमार पांडे ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजन बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारते हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा, जिन्होंने अंत तक बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मंडला से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट







