थाना उमरियापान, जिला कटनी
उमरियापान पुलिस की तत्परता: ग्राम भटगवां में रुकवाया जा रहा बाल विवाह रुकवाया, परिजनों को दी समझाइश
कटनी। थाना उमरियापान पुलिस ने एक बार फिर सजगता का परिचय देते हुए एक नाबालिग बालिका का भविष्य अंधकार में जाने से बचा लिया। दिनांक 13 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भटगवां में एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका का बाल विवाह कराया जा रहा है। इस संबंध में माननीय न्यायालय जे.एम.एफ.सी. ढीमरखेड़ा द्वारा भी जांच के निर्देश प्राप्त हुए थे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल ग्राम भटगवां पहुंची। वहां बालिका के माता-पिता और उपस्थित परिजनों को विस्तार से समझाया गया कि नाबालिग की शादी करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्ची के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए भी अत्यंत घातक है। पुलिस की शालीनता और प्रेमपूर्वक दी गई इस समझाइश का सकारात्मक असर हुआ और परिजनों ने अपनी गलती मानते हुए विवाह रोक दिया। परिजनों ने भरोसा दिलाया कि वे बालिका के बालिग होने के बाद ही उसकी शादी करेंगे।
पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है। इस महत्वपूर्ण कार्य में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, उप निरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, अजय तिवारी एवं समस्त थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
जितेंद्र मिश्रा






