सतना मध्य प्रदेश
युवा मतदाताओं के मिले 3620 आवेदन
सतना 14 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सतना जिले में मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए हैं कि पात्र मतदाताओं से फार्म-6 के साथ अलग से किसी भी प्रकार का घोषणा पत्र न मांगा जाए। निर्वाचन आयोग ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाते हुए फार्म-6 के साथ अलग घोषणा पत्र लगाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 7602 फार्म-6 प्राप्त हुए, जिनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के 3620 आवेदन शामिल हैं। अभियान के अंतर्गत ऐसे युवा जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। युवा मतदान केंद्र, बीएलओ, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के अधिकृत मतदाता सेवा पोर्टल Voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फार्म-6 भर सकते हैं। इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं ईसीआई नेट मोबाइल ऐप डाउनलोड कर भी आवेदन किया जा सकता है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान स्थानांतरण, अनुपस्थिति अथवा अन्य कारणों से गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाने वाले पात्र नागरिक भी फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए नगरीय निकाय क्षेत्रों में वाहनों के माध्यम से ऑडियो क्लिप चलाकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो







