डिंडोरी/शहपुरा।
शहपुरा थाना क्षेत्र में सामने आई एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां नाबालिग बालिका के साथ गंभीर आपराधिक कृत्य की आशंका जताई जा रही है, वहीं उसकी मां का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न अवस्था में मिलने से मामला और भी उलझ गया है।
बालिका को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी अपराध की पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां गंभीर वारदात की ओर संकेत कर रही हैं।
प्रेमी के घर में मिला शव, रिश्तों का एंगल जांच में
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका का विवाह मोहनी रहठा क्षेत्र में हुआ था और उसे चार संतान हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व उसके पति का निधन हो चुका था।
बताया जा रहा है कि पिछले लगभग पांच माह से महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ शहपुरा के वार्ड क्रमांक 6 में अपने कथित प्रेमी के घर रह रही थी। जिस मकान में महिला का शव मिला, वह उसी व्यक्ति का बताया जा रहा है।
अब जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि क्या इस रिश्ते को लेकर कोई विवाद था? क्या घटना के पीछे आपसी तनाव या पारिवारिक विवाद की भूमिका रही? पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से देख रही है।
सिर पर बंधी पट्टी ने बढ़ाया रहस्य
महिला का शव घर के भीतर एक कमरे में अर्धनग्न अवस्था में मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसके सिर पर पट्टी बंधी हुई थी।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि महिला को चोट लगी थी और किसी ने उसका प्राथमिक उपचार किया। अब यह जांच का विषय है कि उपचार किसने किया — किसी चिकित्सक ने या घटना में शामिल व्यक्ति ने ही?
यह तथ्य पूरे घटनाक्रम को और अधिक संदिग्ध बना रहा है।
FSL टीम मौके पर, जांच में शुरुआती देरी की चर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बालाघाट से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, टीम को कुछ समय तक थाना प्रभारी के पहुंचने का इंतजार करना पड़ा, जिससे प्रारंभिक जांच में विलंब की चर्चा भी क्षेत्र में रही। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी सतर्कता और विधिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
FSL टीम हर एंगल से कर रही जांच
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य, कपड़े, संदिग्ध सामग्री एवं अन्य महत्वपूर्ण नमूने सुरक्षित किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल परीक्षण के बाद ही कई महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर सामने आएंगे।
जांच एजेंसियां निम्न बिंदुओं पर विशेष फोकस कर रही हैं:
मां और बेटी के साथ हुई घटनाएं आपस में जुड़ी हैं या नहीं?
क्या घर में जबरन प्रवेश के संकेत हैं?
प्रेमी की भूमिका क्या रही?
सिर की चोट और बंधी पट्टी का वास्तविक कारण क्या है?
इन धाराओं मे मामला हुआ दर्ज
पुलिस ने महिला की हत्या के मामले में BNS की धारा 103(1), 238 तथा 14 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में अपराध क्रमांक 88 के तहत धारा 65(1), 64(2-के), 64(2-एफ), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3, 4, 5(के), 6 में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।
परिजनों का आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग
मृतिका के परिजनों ने मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।
घटना के बाद पूरे वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। लोग स्तब्ध हैं कि एक ही घर में मां-बेटी के साथ ऐसा भयावह घटनाक्रम कैसे घटित हुआ।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। सच्चाई क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन इस घटना ने शहपुरा की कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इनका कहना है —–
हमें सूचना मिली की वार्ड नंबर 6 चौधरी मोहल्ला शहपुरा में हरिओम चौधरी के घर में महिला का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद टीम के साथ यहां आकर तस्वीर दी गई जो घर के अंदर बाथरूम के पास एक महिला मृत अवस्था में बैठी अवस्था पड़ी हुई थी जिसके सर पे चोट है और प्रथम दृश्य हत्या की आशंका लग रही है। वही उसकी नाबालिक बेटी के साथ कुछ दरिंदगी की आशंका भी जताई जा रही है फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
अनुराग जामदार

