छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आस्था और परंपरा की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। कहीं हजारों महिलाएं जमीन पर लेटी हुई हैं, किसी के हाथ में नारियल है, तो किसी के हाथ में नींबू और फूल… और इन महिलाओं के ऊपर से गुजरते नजर आए मंदिर के बैगा। जी हां! यह नजारा किसी फिल्म का नहीं, बल्कि गंगरेल स्थित मां अंगारमोती के दरबार में लगे पारंपरिक मड़ई मेले का है। जहां हजारों महिलाएं संतान सुख की कामना लेकर इस अनोखी परंपरा में शामिल हुईं।
दरअसल, गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में हर साल दीपावली के बाद पहले शुक्रवार को पारंपरिक मड़ई मेले का आयोजन किया जाता है। इस मेले में शामिल होने के लिए धमतरी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई इलाकों और दूर-दराज के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन इस मेले का सबसे खास और आकर्षण का केंद्र रहने वाला दृश्य वह परंपरा है, जिसमें निसंतान महिलाएं संतान प्राप्ति की कामना लेकर मां अंगारमोती के दरबार में पहुंचती हैं।

स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस दिन मां अंगारमोती का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए महिलाओं को एक विशेष परंपरा का पालन करना होता है। इसके लिए महिलाएं सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगती हैं। उनके बाल खुले होते हैं, हाथों में नारियल, नींबू और फूल होते हैं और वे निराहार रहकर मां के दरबार में अपनी बारी का इंतजार करती हैं।
जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ता है, मंदिर परिसर में महिलाओं की भीड़ भी बढ़ती जाती है। इस बार भी हजारों महिलाएं इस परंपरा में शामिल हुईं। देखते ही देखते मां अंगारमोती के दरबार से लेकर मंदिर के प्रवेश द्वार तक करीब 400 मीटर का रास्ता महिलाओं से भर गया। सभी महिलाएं जमीन पर औंधे मुंह लेटकर हाथ में नारियल लिए मां के आशीर्वाद का इंतजार करती रहीं।
इसके बाद शाम को जब मंदिर के मुख्य पुजारी यानी बैगा पूजा-अर्चना के बाद मंदिर की ओर बढ़े, तो एक-एक कर सभी महिलाएं रास्ते में लेट गईं। मान्यता है कि इस दौरान बैगा पर मां अंगारमोती की शक्ति सवार रहती है और जब वे इन महिलाओं के ऊपर से गुजरते हैं, तो इसे मां का आशीर्वाद माना जाता है। स्थानीय विश्वास के अनुसार, जिन महिलाओं के ऊपर से बैगा के पैर गुजरते हैं, उनकी संतान प्राप्ति की मनोकामना पूरी होती है।

यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं इस परंपरा में शामिल होने पहुंचती हैं। खास बात यह है कि इस परंपरा में केवल ग्रामीण या कम पढ़ी-लिखी महिलाएं ही नहीं, बल्कि पढ़ी-लिखी और अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाएं भी अपनी आस्था के साथ शामिल होती हैं।
हालांकि, संतान प्राप्ति से जुड़ी इस मान्यता का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है, लेकिन इन महिलाओं के लिए यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनकी उम्मीद, विश्वास और भावनाओं से जुड़ा विषय है। किसी की शादी को कई साल हो चुके हैं, तो कोई लंबे समय से संतान सुख की प्रतीक्षा कर रही है। ऐसे में मां अंगारमोती के दरबार में पहुंचकर ये महिलाएं अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करती हैं।

कुल मिलाकर, गंगरेल का यह मड़ई मेला आस्था, परंपरा और लोकविश्वास का अनूठा संगम है। एक ओर जहां आधुनिक दौर में विज्ञान और चिकित्सा अपनी जगह है, वहीं दूसरी ओर सदियों से चली आ रही लोकपरंपराओं के प्रति लोगों की श्रद्धा भी आज तक कायम है।
और शायद यही वजह है कि हर साल दीपावली के बाद मां अंगारमोती के दरबार में लगने वाले इस मेले में हजारों लोग पहुंचते हैं। किसी के लिए यह एक अनोखा दृश्य है, तो किसी के लिए मां के प्रति अटूट विश्वास। लेकिन इन हजारों महिलाओं के लिए यह दिन एक उम्मीद लेकर आता है… कि शायद मां अंगारमोती की कृपा से उनके घर-आंगन में भी एक दिन बच्चों की किलकारियां गूंजेंगी।
रिपोर्टर:मयंक श्रीवास्तव







