धान खरीदी से लेकर सड़क, पेयजल, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक समीक्षा; अवैध रेत खनन पर सख्ती, गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी व ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई के निर्देश
गरियाबंद, 13 नवंबर 2026। जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की विभागीय समीक्षा बैठक लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में अनावश्यक देरी, लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने लखपति दीदी योजना पर जोर
मंत्री बघेल ने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लखपति दीदी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, गांवों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक महिलाओं को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास एवं जनमन योजना के लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से देने पर जोर दिया।

अवैध खनन और गुणवत्ताहीन निर्माण पर कार्रवाई की चेतावनी
खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध रेत उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। सुरसाबांधा में स्वीकृत सीमा से अधिक रेत भंडारण की शिकायत पर कार्रवाई करने को कहा। वहीं सड़क निर्माण में गुणवत्ता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधूरे कार्यों के ठेकेदारों पर पेनाल्टी लगाने और आवश्यकतानुसार ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
जिले के 78 समितियों के अंतर्गत 97 धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, अवैध धान परिवहन पर निगरानी रखने तथा बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। पेयजल संकट वाले गांवों में पानी की टंकी एवं जल स्रोत विकसित करने की कार्ययोजना बनाने और अधूरे नलजल कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
राजस्व, राशन और अन्य विभागों को भी दिए निर्देश
बैठक में राजस्व प्रकरणों, अतिक्रमण, राशन कार्ड ई-केवाईसी, उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, सिंचाई परियोजनाओं, बिजली एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पेंशन, श्रमिक कल्याण, दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड, महिला एवं बाल विकास योजनाओं तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे। प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली के साथ विकास कार्यों को गति देना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







