रायपुर:

आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) के विशेष निर्देशों के अनुपालन में रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए एक व्यापक व सघन जांच अभियान चलाया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। वहीं, मैदान पर इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा और सहायक पुलिस आयुक्त (पण्डरी) श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के निर्देशन में किया गया। इसके तहत नॉर्थ जोन के खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पण्डरी और खम्हारडीह थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ उतरकर दबिश दी।
विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने क्षेत्र के लगभग 300 निगरानी बदमाशों, गुंडों और असामाजिक तत्वों की जांच की, जिनमें से 130 से अधिक आरोपियों के खिलाफ कड़ा कानूनी एक्शन लिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले 100 व्यक्तियों पर गुढ़ियारी, खमतराई और खम्हारडीह थानों में आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूमने वाले 3 आरोपियों को खमतराई व पण्डरी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले 8 आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर भी शिकंजा कसा। पुलिस टीमों ने कुल 19 वारंटों की तामिली की, जिनमें 6 स्थाई वारंटी, 10 गिरफ्तारी वारंटी और 3 जमानती वारंटी शामिल हैं।
चोरी के एक मामले में भी उरला थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धारा 303 बी.एन.एस. के तहत दर्ज अपराध में पुलिस ने विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए चोरी का सामान एक स्थानीय कबाड़ी को बेचने की जानकारी दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कबाड़ी मुकेश दास को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया और दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
नॉर्थ जोन पुलिस का कहना है कि अवैध शराब, हथियार, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version