‘सेवा पथ एक पहल’ के तहत तीन महीने तक चलेगा प्रशिक्षण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना उद्देश्य।
सुकमा। पुलिस परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन सुकमा में ‘सेवा पथ एक पहल’ के तहत निःशुल्क सिलाई केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र में 150 महिलाओं को तीन महीने तक सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम तथा बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्री नारायण मीणा के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर ने कहा कि हर वर्दी के पीछे एक परिवार होता है। जब जवान अपने कर्तव्य के लिए घर से निकलता है, तब परिवार की जिम्मेदारी महिलाएं संभालती हैं। पुलिस परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह पहल की गई है, ताकि वे अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में पूज्य संजीव कृष्ण ठाकुर ने कहा कि कोई भी माता या बहन कमजोर नहीं होती। मातृशक्ति में समाज और देश को मजबूत बनाने की क्षमता है। महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज को भी मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद महिलाएं सिलाई का हुनर सीखकर अपने भविष्य को संवारने और आजीविका के अवसर हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। बस्तर की धरती पर लोगों ने अनेक पीड़ाएं देखी हैं। ऐसे में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल नई उम्मीद जगाती है।
उन्होंने कहा कि जीवन की उपलब्धि इस बात से तय नहीं होती कि हमने कितना इकट्ठा किया, बल्कि इस बात से होती है कि हमने दूसरों के लिए कितना बांटा। नवरात्र के दौरान मातृशक्ति की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में एएसपी श्री रोहित शाह, श्री राजीव शर्मा, श्रीमती प्रेमलता गुर्जर, श्रीमती असिता गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
जिला सुकमा पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







