डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
निर्माण स्थल से सूचना बोर्ड नदारद और घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत;
शहपुरा। सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्माण की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी विभागीय इंजीनियरों की होती है, लेकिन शहपुरा विकासखंड के बरगांव स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में करीब 32 लाख रुपये की लागत से बन रहे प्रयोगशाला भवन के निर्माण को लेकर सामने आए आरोप विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया सामग्री और डस्ट के उपयोग के आरोप हैं, वहीं निर्माण स्थल पर योजना, स्वीकृत राशि और कार्य की जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड भी नजर नहीं आ रहा है। निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग है।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल, निगरानी कौन कर रहा?
विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन प्रयोगशाला भवन में उपयोग की जा रही सामग्री को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है और डस्ट का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। यदि आरोप सही हैं, तो यह न केवल निर्माण की गुणवत्ता बल्कि भविष्य में भवन की मजबूती और टिकाऊपन के लिहाज से भी गंभीर विषय है।
करीब 32 लाख रुपये की सरकारी राशि से तैयार हो रहे भवन में निर्माण के शुरुआती चरण से ही गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आना विभागीय इंजीनियरों की निगरानी और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है। आखिर निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है या फिर जिम्मेदारों की निगरानी केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित है?
निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड तक नहीं, पारदर्शिता पर सवाल
निर्माण स्थल पर योजना का नाम, स्वीकृत लागत, निर्माण एजेंसी और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दर्शाने वाला सूचना बोर्ड भी दिखाई नहीं दे रहा है। सरकारी निर्माण कार्यों में सूचना बोर्ड आम नागरिकों को कार्य की जानकारी उपलब्ध कराने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का माध्यम होता है।
ऐसे में सवाल उठता है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद संबंधित जिम्मेदारों ने सूचना बोर्ड लगवाना सुनिश्चित क्यों नहीं किया? क्या विभागीय अधिकारियों ने इस बुनियादी व्यवस्था की अनदेखी की या फिर निर्माण स्थल की वास्तविक स्थिति से वे अनजान हैं?
एसडीओ के जवाब ने खड़े किए सवाल, बोर्ड और पत्थर की चर्चा
निर्माण की गुणवत्ता और सूचना बोर्ड की स्थिति को लेकर जब आरईएस के एसडीओ सुनील असाटी से चर्चा की गई, तो उन्होंने उपयंत्री विकास खरे से बात करने की सलाह दी। वहीं, सूचना बोर्ड के सवाल पर एसडीओ ने बताया कि योजना का पत्थर तैयार है, बस लगवाना बाकी है।
एसडीओ के इस जवाब से निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड की व्यवस्था और विभागीय निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सूचना बोर्ड की मौजूदगी और योजना संबंधी पत्थर की स्थापना अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं, ऐसे में निर्माण स्थल पर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित नहीं होने की स्थिति पर स्पष्ट जवाब अपेक्षित था। सवाल यह भी है कि करीब 32 लाख रुपये के निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे अधिकारी को मौके की व्यवस्थाओं की जानकारी कितनी है?
उपयंत्री बोले- मौके पर जाकर देखूंगा
जब उपयंत्री विकास खरे से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और नियमित निरीक्षण को लेकर चर्चा की गई, तो उन्होंने मौके पर जाकर निर्माण कार्य देखने की बात कही। अब सवाल यह है कि निर्माण कार्य जारी रहने के दौरान नियमित निरीक्षण किया जा रहा था या शिकायत और सवाल उठने के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने की तैयारी की जा रही है?
गुणवत्ता परीक्षण और निष्पक्ष जांच की मांग
निर्माण कार्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच क्षेत्रवासियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से भवन निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने, सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराने और जिम्मेदार इंजीनियरों की निरीक्षण कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग की है।
अब सवाल केवल 32 लाख रुपये के भवन के निर्माण का नहीं, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी तय करने का भी है। यदि आरोपों की जांच निष्पक्ष तरीके से होती है, तो निर्माण की वास्तविक गुणवत्ता और विभागीय निगरानी की स्थिति सामने आ सकती है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में केवल जवाब देकर इतिश्री करता है या मौके पर जांच कर जिम्मेदारी भी तय करता है।







