डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
झारिया मेहरा समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की भी मांग
शहपुरा। संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा और सामाजिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से शहपुरा नगर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई गई है। साथ ही झारिया मेहरा समाज को उचित राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व दिलाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों ने विधायक के नाम ज्ञापन सौंपा।
यह ज्ञापन शहपुरा मंडल अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष पवन कुमार झारिया एवं मानिकपुर मंडल अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष चमन झारिया द्वारा सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि शहपुरा नगर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराई जाए, जिससे नगरवासियों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियां भी उनके संघर्ष, विचारों, शिक्षा और सामाजिक समानता के संदेश से प्रेरणा ले सकें।
पदाधिकारियों ने झारिया मेहरा समाज को शहपुरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उचित राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उनका कहना है कि समाज की आबादी, सामाजिक भागीदारी और क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उसे प्रतिनिधित्व के उचित अवसर मिलना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से विधायक से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक पहल करने तथा सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापना केवल एक प्रतिमा लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि उनके विचारों, संविधान के मूल्यों और सामाजिक समानता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। अब देखना होगा कि इन मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है।







