आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” महा-अभियान (15-30 जुलाई 2026) के अंतर्गत शौर्य चौक एवं शौर्य पथ पर एक विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के आतिथ्य में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में सिवनी जिले की पुलिस, मातृशक्ति संगठन, मार्गिक फाउंडेशन, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। टैंक टी-55 के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने “नशा मुक्त भारत” का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ली और नशे के विरुद्ध एकजुटता का संदेश दिया।WhatsApp Image 2026 07 20 at 18.58.49 1

​कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है, और यह मानव श्रृंखला इस बात का प्रतीक है कि सिवनी का समाज नशे को पूरी तरह खारिज करता है। नगर पुलिस अधीक्षक श्री चंचलेश मरकाम ने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा, खेल और संस्कारों से जुड़कर स्वस्थ जीवन जिएं। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों द्वारा नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा मानस हेल्पलाइन 1933 व नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 के पंपलेट वितरित किए गए। अंत में सभी ने “हम नशा नहीं करेंगे, नशा करने वालों को रोकेंगे और नशामुक्त समाज बनाएंगे” का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री चंचलेश मरकाम सहित कोतवाली, लखनवाड़ा, डुण्डा सिवनी, अजाक, महिला थाना, यातायात और नियंत्रण कक्ष के सभी थाना प्रभारी व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।                                     रिपोर्ट – आकाश भार्गव (जिलाब्यूरो सिवनी)

Leave A Reply

Exit mobile version