शारदेय नवरात्र पर बहेगी श्रीमद्भागवत रूपी अमृतमयी गंगा, कथा व्यास ब्रह्मचारी ब्रह्मानंद दास जी महाराज कराएंगे कथा का रसपान

स्लीमनाबाद /शारदेय नवरात्र के पावन अवसर पर जिले के ग्राम कुआं में ॐ शांति ॐ दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच निकाली गई शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया। आगामी दिनों में ग्राम में श्रीमद्भागवत रूपी अमृतमयी गंगा प्रवाहित होगी, जिससे श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भागवत महात्म्य का श्रवण कर सकेंगे।

कथा का वाचन कथा व्यास संत शिरोमणि ब्रह्मचारी ब्रह्मानंद दास जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस श्रीमद्भागवत महात्म्य के साथ भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के महत्व का वर्णन किया गया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, अध्यात्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।

भागवत कथा श्रवण से होता है आध्यात्मिक कल्याण

कथा के प्रथम दिवस भगवान श्रीकृष्ण के सच्चिदानंद स्वरूप की वंदना के साथ भागवत महात्म्य पर प्रकाश डाला गया। देवर्षि नारद और भक्ति महारानी के प्रसंग के माध्यम से बताया गया कि कलियुग में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य को सशक्त बनाने के लिए श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण अत्यंत महत्वपूर्ण है। सनतकुमार ऋषियों द्वारा देवर्षि नारद को श्रीमद्भागवत के महात्म्य का ज्ञान कराने तथा नैमिषारण्य में शौनकादि ऋषियों और सूत जी के संवाद का भी वर्णन किया गया।

कथा व्यास संत ब्रह्मानंद जी ने बताया कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। इसके श्रवण से मनुष्य में भक्ति भाव जागृत होता है और उसे सत्य, धर्म तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

शारदेय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम से ग्राम कुआं में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।

Comments are closed.

Exit mobile version