d67aabcd 67c5 43ab b871 2b74798573fb

​मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सोहागपुर जनपद के धुरवार क्लस्टर में चौपाल और उद्योग संवाद का आयोजन


​शहडोल -जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता और जन-सरोकार का एक अनूठा नज़ारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत धुरवार पहुँचे नवागत कलेक्टर पार्थ जायसवाल कुर्सी छोड़ सीधे ज़मीन पर ग्रामीणों के बीच बैठ गए। संभवतः शहडोल के प्रशासनिक इतिहास में यह पहला अवसर है जब जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी ने बिना किसी प्रोटोकॉल या तड़क-भड़क के ज़मीन (फर्श) पर बैठकर आम ग्रामीणों और महिलाओं के साथ सीधे संवाद किया। कलेक्टर की इस आत्मीयता और सादगी ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया और वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएँ रखने लगे।
​लंबे समय के इंतज़ार के बाद शहडोल जिले को एक युवा और ऊर्जावान ‘फ्रेश’ कलेक्टर मिला है। पदभार संभालते ही कलेक्टर पार्थ जायसवाल के इस कार्यशैली और ज़मीनी जुड़ाव को देखकर जिले की जनता में एक नई उम्मीद जगी है। आमजन का मानना है कि ऐसे संवेदनशील और सक्रिय अधिकारी के आने से अब प्रशासनिक व्यवस्था में तेज़ी आएगी और लोगों की समस्याओं व लंबित कार्यों का त्वरित व आसानी से निराकरण हो सकेगा।
​ग्राम पंचायत भवन धुरवार में आयोजित इस विशेष शिविर में कलेक्टर पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल तथा सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ग्रामीणों के बीच ज़मीन पर बैठे नज़र आए। अफसरों को अपने बीच इस तरह सहज रूप में बैठा देख ग्रामीणों ने राशन, बिजली, पानी, आवास और राजस्व से जुड़ी अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा।

​समस्याओं पर तत्काल रुख, दिए सख्त जाँच के निर्देश

​जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने राशन दुकान के अनिश्चित समय पर खुलने, पीएम किसान सम्मान निधि में ज़मीन के बँटवारे की अड़चन, पेयजल आपूर्ति के लिए एकल नल-जल योजना के ठप होने और एक मोहल्ले में 250 मीटर तक बिजली पोल व लाइन न होने की बात उठाई।
​शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों की जवाबदेही तय की:
​राशन दुकान में अनियमितता: सहायक आपूर्ति अधिकारी को राशन दुकान के संचालन की शिकायतों की तत्काल जाँच करने के निर्देश दिए।
​पीएम आवास योजना: छूट गए पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़ने के लिए सीईओ जिला पंचायत को विशेष टीम गठित कर पारदर्शी जाँच के निर्देश दिए।
​किसान सम्मान निधि व राजस्व मामले: एसडीएम सोहागपुर को टीम गठित कर बँटवारे और सम्मान निधि से संबंधित प्रकरणों का अविलंब निराकरण करने की जिम्मेदारी दी।
​बिजली व बुनियादी ढाँचा: गाँव के मोहल्ले में बिजली लाइन विस्तार का प्रबंध करने, नाली एवं सड़क की तत्काल मरम्मत हेतु पंचायत सचिव को कड़े निर्देश जारी किए। वहीं पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र पूर्ण करने की बात कही गई।

​’उद्योग संवाद’ से युवाओं और महिलाओं में फूँका स्वरोजगार का उत्साह

जन संवाद के साथ ही धुरवार में उद्योग संवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना रहा। कलेक्टर ने युवाओं और महिलाओं से चर्चा करते हुए शासन की जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गाँव के पारंपरिक शिल्पी व कारीगर इस योजना का लाभ उठाकर अपने हुनर को बड़ा व्यवसाय बना सकते हैं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारी को योजना के तहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग, सीईओ जनपद पंचायत सोहागपुर ममता तिवारी, डीपीसी अमरनाथ सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। ज़मीन पर बैठकर आमजन की सुध लेने की नए कलेक्टर की इस सकारात्मक पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

अजय पाल

Comments are closed.

Exit mobile version