कछार गांव बड़ा में शराब बिक्री से परेशान महिलाओं ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

 

सिलौंडी। कछार गांव बड़ा में अवैध शराब पैकारी और कच्ची शराब की बिक्री से परेशान महिलाओं ने अब इसके खिलाफ आवाज बुलंद की है। महिलाओं ने गांव में शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए सिलौंडी चौकी प्रभारी अनिल पांडे को ज्ञापन सौंपा।

 

ग्रामीण महिलाओं ने अपनी समस्या ग्राम पंचायत सरपंच कैलाश चंद्र जैन के समक्ष रखी। महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सरपंच की पहल पर चौकी प्रभारी अनिल पांडे ग्राम पंचायत भवन पहुंचे और ग्रामीण महिलाओं की समस्याएं सुनीं।

 

इस दौरान महिलाओं के साथ सरपंच कैलाश चंद्र जैन और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शैलेश जैन ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रही अवैध शराब पैकारी और कच्ची शराब की बिक्री पर कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब की अवैध बिक्री से परिवारों पर विपरीत असर पड़ रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने पुलिस से शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कर गांव को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा

Leave A Reply

Exit mobile version