संकल्प से समाधान अभियान के तहत महिला महाविद्यालय में लर्निंग ड्रायविंग लाइसेंस कैंप, 67 छात्राओं ने बनवाए लाइसेंस
मंडला।
परिवहन आयुक्त महोदय एवं कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार 31 जनवरी 2026 को जिला परिवहन कार्यालय मंडला एवं यातायात विभाग मंडला के तत्वाधान में शासकीय जगन्नाथ मुन्नालाल चौधरी महिला महाविद्यालय, मंडला में लर्निंग ड्रायविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित करना रहा।
कैंप के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा ने महाविद्यालय की छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं स्वयं की सुरक्षा को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि प्रारंभ से ही यातायात नियमों का पालन किया जाए, तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की उपयोगिता को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।web.whatsapp 47
जिला परिवहन अधिकारी श्री बिमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के कैंप का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को लर्निंग ड्रायविंग लाइसेंस की प्रक्रिया से अवगत कराना एवं उन्हें कानूनी रूप से वाहन चलाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि समय पर लर्निंग लाइसेंस बनवाकर प्रशिक्षण लेने से सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलती है।
कैंप में छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था। बड़ी संख्या में छात्राओं ने मौके पर ही आवेदन कर लर्निंग ड्रायविंग लाइसेंस बनवाए। कुल 67 छात्राओं द्वारा लर्निंग ड्रायविंग लाइसेंस तैयार कराए गए। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री शरद नारायण खरे ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में यातायात सूबेदार श्री योगेश राजपूत, महाविद्यालय का स्टाफ एवं परिवहन विभाग का अमला उपस्थित रहा। कैंप के सफल आयोजन से छात्राओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी और सड़क सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।

मंडला से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट

Leave A Reply