डिंडौरी मध्यप्रदेश 

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

 

 चंद्रविजय महाविद्यालय में एफडीपी का शुभारंभ, 45 प्राध्यापक और शिक्षक हुए पंजीकृत

 

डिंडौरी। शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय डिंडौरी में पीएम उषा कंपोनेंट-3 के अंतर्गत सात दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य डॉ. अमर सिंह बुद्धे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों और शिक्षकों को शोध प्रविधि की आधारभूत अवधारणाओं, उपयोगिता तथा भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया जा रहा है।

 

कार्यक्रम का आयोजन शेडमैप उद्यमिता विकास केंद्र डिंडौरी के तत्वावधान में समन्वयक एसके शर्मा के सहयोग से किया जा रहा है। शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शोध प्रविधि कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. पार्वती कुशराम ने उपस्थित शिक्षकों को सात दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं समय-सारिणी की जानकारी दी।

 

शोध की बारीकियों से कराया परिचित

 

विषय विशेषज्ञ डॉ. रत्नेश तिवारी ने रिसर्च मेथडोलॉजी पर व्याख्यान देते हुए शोध की आधारभूत अवधारणाओं और व्यावहारिक उपयोगिता को सरलता से समझाया। उन्होंने मुनगा, हल्दी और विभिन्न औषधीय पौधों पर किए जा रहे अनुसंधानों के उदाहरण देते हुए बताया कि व्यवस्थित शोध समाज एवं संबंधित क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों में अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर दिया।

 

पीएम उषा परियोजना के नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार बेलिया ने कहा कि यह प्रशिक्षण शोध कार्य से जुड़े शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही वरिष्ठ प्राध्यापकों को शोध मार्गदर्शक के रूप में आगे बढ़ने में भी सहायता मिलेगी। सात दिवसीय कार्यक्रम के लिए करीब 45 प्राध्यापकों और शिक्षकों ने पंजीयन कराया है।

 

विद्यार्थियों को भी मिल रहा कौशल प्रशिक्षण

 

महाविद्यालय में शेडमैप की ओर से विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इनमें ब्यूटी एंड वेलनेस, मार्केटिंग एंड सेल्स प्रमोशन तथा कंप्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग एवं सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का प्रशिक्षण शामिल है। प्रत्येक प्रशिक्षण में करीब 40 विद्यार्थी प्रतिदिन कौशल विकास का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

 

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षक और अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Exit mobile version