डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की दी सलाह, विभिन्न विभागों ने लगाई योजनाओं की प्रदर्शनी
डिंडौरी, 18 मार्च 2026।
जिले के शहपुरा स्थित रानी दुर्गावती खेल मैदान में कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, आत्मा प्रभारी नेहा धुरिया तथा सहायक संचालक कृषि अभिलाषा चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कृषि विज्ञान मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना तथा उन्नत खेती की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। मेले में कृषि विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य विभाग, आत्मा परियोजना, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, जनपद शिक्षा केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, नगर पालिका परिषद शहपुरा, राजस्व विभाग तथा मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई गईं। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को शासकीय योजनाओं, उन्नत बीज, कृषि उपकरणों और नवीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जिला प्रशासन शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन एवं आय बढ़ाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने वन अधिकार पत्र एवं अनुकंपा नियुक्ति जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और सीधे संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
कलेक्टर ने बताया कि वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में खेत-तालाब एवं कुआं निर्माण जैसे कार्य संचालित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ किसान उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खाद, बीज, सिंचाई और विद्युत से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए किसान सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा, अनुकंपा नियुक्ति पत्र, कृषि सामग्री तथा विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। कृषि विज्ञान मेले के माध्यम से किसानों को नवीन तकनीकों और योजनाओं की जानकारी मिलने से उनमें उत्साह देखा गया।
