शहडोल मध्य प्रदेश

शहडोल- जिले के विचारपुर गांव में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस आयोजन को सफल बनाने में आनंद चौधरी के अथक प्रयास और ग्रामीणों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में गांव के महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जयंती समारोह की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर गांव में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अगले वर्ष भी इसी तरह भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया।

अजय पाल

Leave A Reply

Exit mobile version