_मेगा हेल्थ कैंप में जवानों और परिवार का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, मेघावी बच्चों को DGP ने किया सम्मानित_

बिलासपुर, 12 अगस्त 2026
पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ श्री अरुण देव गौतम (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आज पुलिस लाइन, बिलासपुर स्थित चेतना हॉल में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के लिए मेगा हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में संभागायुक्त बिलासपुर श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल (आईएएस), उप पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह तथा अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के यूनिट हेड श्री अजय कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग एवं अपोलो हॉस्पिटल्स के चिकित्सकीय दल की उपस्थिति रही।

पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता शिविर से जरूरी नहीं कि बीमारी ठीक हो जाए परंतु यह सुनिश्चित होगा कि बीमारी के लक्षण से समय पर उपचार और बचाव हो सकेगा। पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार में चेतना जागृत होगी कि कैसे बीमारी से बचाव और उपचार पूर्व किया जा सके ताकि बीमारी का लक्षण गंभीर रूप न ले पाए। बच्चों में पुलिस के प्रति बचपन से ही लगाव होता है। वर्दी देख उनको पहनने की ललक और वर्दी के प्रति सम्मान होता है, उसको हम अपने अच्छे कार्यों से बनाए रखें और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाने में सफल हों।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों परामर्श एवं जागरूकता प्रदान की गई। अपोलो हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञ टीम द्वारा पेट एवं लीवर, स्पाइन सर्जरी एवं हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, त्वचा रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजियोथेरेपी तथा डायटेटिक्स से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं सामान्य स्वास्थ्य मानकों की निःशुल्क जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त लिवर की विशेष जांच हेतु निःशुल्क फाइब्रोस्कैन तथा टाइटन आई+ द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इससे प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिला। अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर द्वारा शिविर में डॉक्टर टीम उपलब्ध कराई गई। सभी चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर धन्यवाद दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रारंभिक स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श लेने पर विशेष जोर दिया गया।

बिलासपुर पुलिस द्वारा इस पहल के माध्यम से पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा स्वस्थ पुलिस बल के माध्यम से अधिक प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

साथ ही पुलिस अधिकारी-कर्मचारी के बच्चे जो 10वीं और 12वीं में मेघावी रहे, बोर्ड परीक्षा में ऐसे विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए पुलिस महानिदेशक महोदय ने अपने हाथों प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। मेघावी विद्यार्थियों में नमन तिवारी, अंजली राजपूत, अनुष्का खलखों, शिलादित्य चंदेल, श्रेयांश सिंह, साक्षी पाठक, रुद्र वाल्मीकि, रघुराज सिंह ठाकुर, करण मरावी, भावना पटेल, कमाना मरकाम शामिल हैं। साथ ही माता-पिता को भी बधाई दी गई।

कार्यक्रम के पश्चात नवनिर्मित और निर्माणाधीन भवनों जिसमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस हॉस्पिटल, शहीद स्मारक, पुलिस लाइन बिलासपुर का निरीक्षण किया गया।

बिलासपुर पुलिस द्वारा इस पहल के माध्यम से पुलिस बल के स्वास्थ्य एवं कल्याण के साथ-साथ पुलिस परिवार के बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सकारात्मक पहल की गई। स्वस्थ एवं सशक्त पुलिस बल तथा उनके परिवारों के समग्र कल्याण की दिशा में इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

ब्यूरो चीफ शंकर अघिजा 

Leave A Reply