एसडीएम, आबकारी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; टीम पहुंचते ही मकान में ताला लगाकर फरार हुआ व्यक्ति, ग्रामीणों व सरपंच की मौजूदगी में तुड़वाया गया ताला
डिंडौरी/शहपुरा। शहपुरा अनुविभाग में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को ग्राम लालपुर में एक मकान में अवैध रूप से शराब रखे जाने और बिक्री किए जाने की सूचना पर एसडीएम शहपुरा फरहान इरफान जमादार के नेतृत्व में राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान के भीतर से देशी और अंग्रेजी शराब का जखीरा मिलने की जानकारी सामने आई है। मौके से तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।

एसडीएम शहपुरा के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि ग्राम लालपुर स्थित एक मकान में शराब का अवैध भंडारण किया गया है और वहां से शराब बेचे जाने की भी जानकारी मिल रही थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची।

टीम पहुंची तो मकान में ताला लगाकर हुआ फरार
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान दुक्खू पिता बारेलाल निवासी लालपुर मकान में ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। टीम को मकान के आसपास शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों और ग्राम पंचायत सरपंच की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया और नियमानुसार मकान का ताला तुड़वाकर अंदर जांच की गई।
मकान खुलते ही टीम को वहां देशी और अंग्रेजी शराब का जखीरा मिला। इसके साथ ही मकान से तीन मोटरसाइकिल भी बरामद होने की जानकारी है। बरामद शराब की मात्रा, कीमत और मोटरसाइकिलों के संबंध में विस्तृत जांच एवं कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी थी।

राजस्व, आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान एसडीएम फरहान इरफान जमादार के साथ तहसीलदार शहपुरा राम प्रसाद मार्को, पटवारी आनंद डेहरिया, मीनू सहित आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। संयुक्त टीम द्वारा बरामद सामग्री के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम फरहान इरफान जमादार के शहपुरा में पदस्थ होने के बाद विभिन्न मामलों में लगातार की जा रही कार्रवाई चर्चा में रही है। लालपुर में हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि मकान में कितनी मात्रा में शराब का भंडारण किया गया था, बरामद तीन मोटरसाइकिलों का मामले से क्या संबंध है और अवैध शराब के कारोबार में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है या नहीं।
डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







