सीनियर वर्ग में शहपुरा तो जूनियर में अमरपुर बना विजेता, चयनित प्रतिभागियों को पेंच राष्ट्रीय उद्यान की तीन दिवसीय सैर का मिलेगा अवसर
डिंडौरी। जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव क्विज-2026 का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी में किया गया। जिले के सभी सात विकासखंडों की टीमों के बीच हुए रोचक और कड़े मुकाबले में सीनियर वर्ग में शहपुरा विकासखंड और जूनियर वर्ग में अमरपुर विकासखंड की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को प्रदेश के 55 जिलों के प्रतिभागियों के साथ तीन दिवसीय पेंच राष्ट्रीय उद्यान की सैर का अवसर मिलेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय एवं पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) भोपाल के तत्वावधान में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन सहायक आयुक्त राजेंद्र जाटव, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते एवं डीपीसी अमित गौलिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जिला क्विज मास्टर अश्विनी कुमार साहू ने बताया कि मोगली बाल उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के साथ पर्यावरण, जल-जंगल-जमीन संरक्षण, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ऑडियो-विजुअल से लेकर ‘मोर डिंडौरी’ राउंड तक दिखा उत्साह
एप्को भोपाल से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर एवं क्विज मास्टर पीएस कुशराम और अश्विनी साहू ने प्रतियोगिता का संचालन किया। क्विज में वैकल्पिक प्रश्न, सीधे उत्तर, ऑडियो-विजुअल सहित कई रोचक राउंड रखे गए। खास तौर पर ‘मोर डिंडौरी’ राउंड में जिले की विशेषताओं एवं उपलब्धियों से जुड़े सवाल पूछे गए, जिससे प्रतिभागियों को स्थानीय क्षेत्र के संबंध में अपना ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता में जिले के सातों विकासखंडों से जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले में जूनियर वर्ग में अमरपुर विकासखंड के विवेक नंदा और राखी यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मेहंदवानी विकासखंड के अर्जुन वैयाम और अंजिली तेकाम उपविजेता रहे।
सीनियर वर्ग में शहपुरा विकासखंड का दबदबा रहा। यहां हायर सेकेंडरी स्कूल बरगांव के ऐश्वर्य अग्रवाल और कन्या हाई स्कूल बिछिया की प्रतिभा उइके की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। अमरपुर विकासखंड के सत्यम ठाकुर और आलिया बर्मन उपविजेता रहे।
पेंच में जंगल सफारी और नेचर ट्रेल का मिलेगा मौका
जिला स्तर पर विजेता बनी टीमों का चयन राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को प्रदेश के 55 जिलों से आने वाले प्रतिभागियों के साथ तीन दिवसीय पेंच राष्ट्रीय उद्यान भ्रमण कराया जाएगा। वहां विद्यार्थियों को प्रकृति से संवाद कार्यक्रम के तहत जंगल सफारी, राज्य स्तरीय क्विज, नेचर ट्रेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
आयोजन में समन्वय प्राचार्य उपासना चौबे एवं शिक्षिका लतिका डेनियल का विशेष सहयोग रहा। मार्गदर्शी शिक्षक अनूप साहू, सुभाष साहू, अमित कुंजाम, केडी मिश्रा, नीता गौलिया, प्रह्लाद झारिया, राम प्रमोद साहू, दिव्या मरकाम, संजय जैन, शिवम साहू, गरिमा कांस्कार, विनीत संतोष सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। तकनीकी सहयोग एवं निर्णायक की भूमिका में पवन बर्मन, लखन गौतम, रोहित वशेष, रीतेश मरावी, वेदवती सिन्द्राम, त्रिवेदी मिश्रा और सुमित सोनी ने सहयोग किया।
विद्यार्थियों की सफलता पर बीईओ आशीष पांडे, बीआरसीसी संजय जाट, गुरु साहू, देवेंद्र दीक्षित, प्राचार्य रोशन झारिया और सतीश झारिया सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया







