खबर का असर
राष्‍ट्रीय ध्‍वज संहिता के उल्‍लंघन पर प्राथमिक शाला अमाड़ी के सहायक शिक्षक निलंबित
कटनी (30 जनवरी) – राष्‍ट्रीय ध्‍वज संहिता के उल्‍लंघन करने पर चलाये गये समाचारों को संज्ञान मे लेते हुये जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने विकासखण्ड बहोरीबंद के प्राथमिक शाला अमाड़ी के सहायक शिक्षक श्री राकेश श्रीवास्तव को तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्यवाही विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बहोरीबंद के द्वारा प्रस्‍तुत जांच प्रतिवेदन के बाद की गई है।
शाला प्रभारी सहायक शिक्षक श्री श्रीवास्तव द्वारा राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर वि‌द्यालय शासकीय प्राथमिक शाला अमाड़ी में कटा-फटा राष्ट्रीय ध्वज को फहाराया गया था। सहायक शिक्षक श्री श्रीवास्तव का यह कदाचरण भारतीय ध्वज संहिता 2002 के विपरीत है।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री अग्रहरी ने सहायक शिक्षक श्रीवास्तव के इस कृत्य को घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता माना। जो‍ कि म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 में निहित उपनियमों के विपरीत कदाचरण की श्रेणी में आता है।

इसके बाद शासकीय प्राथमिक शाला अमाडी के सहायक शिक्षक श्री श्रीवास्तव को म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के उपनियम 09 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में सहायक शिक्षक श्री राकेश श्रीवास्तव का मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बहोरीबंद नियत किया गया है। इस दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
🖋️ पुलिस वाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version