​रायपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में मालवीय रोड पर पैदल गश्त के दौरान एसीसीयू और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने खरीदारी के लिए आई महिलाओं और बच्चों को निशान बनाने वाली दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। समय रहते हुई इस कार्रवाई से त्यौहारी भीड़ के दौरान कई संभावित चोरी की वारदातें टल गई हैं।
​घटना के अनुसार मालवीय रोड क्षेत्र में एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करते दिखीं। हुलिये के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने नंदनी राजपूत (32 वर्ष) और सानिया मरकाम (20 वर्ष), दोनों निवासी रामनगर गुढ़ियारी, को हिरासत में लिया। आरोपी नंदनी का पति थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है जो फिलहाल जेल में बंद है।
​पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने मालवीय रोड, गोलबाजार, महादेव घाट और इतवारी बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों से कुल 7 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नगद, 1 एक्टिवा वाहन और 5 मोबाइल फोन, यानी कुल लगभग 12 लाख रुपये की सामग्री जप्त की गई है।
​यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में कोतवाली एसीपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह एवं गोल बाजार थाना प्रभारी (प्रशिक्षु DSP) अमित कोसमा की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस द्वारा बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग और सीसीटीवी से कड़ी निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version