रायगढ़ में होली पर ‘जीरो टॉलरेंस’: ड्रोन और लाइव लोकेशन मैकेनिज्म से हुड़दंगियों की खैर नहीं
रायगढ़, 3 मार्च 2026: होली के पावन पर्व पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े रुख और ‘जीरो टॉलरेंस’ की रणनीति के तहत अगले 48 घंटों के लिए पूरे जिले को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए एसएसपी ने रिस्पांस टाइम तेज करने के लिए एक विशेष डिजिटल मैकेनिज्म तैयार कराया है, जिसके तहत व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन पर कंट्रोल रूम से सीधी नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में निकटतम टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी।
शहर की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को सौंपी गई है। सीएसपी मयंक मिश्रा के अनुसार, 16 चेकिंग पॉइंट्स पर ब्रीथ एनालाइजर के साथ सघन जांच की जाएगी और हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स व शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। सुरक्षा व्यवस्था में स्थानीय पुलिस के साथ छठवीं और मैनपाट बटालियन के लगभग 400 जवान तैनात किए गए हैं। असामाजिक तत्वों और छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए सादी वर्दी में महिला व पुरुष जवान मुस्तैद रहेंगे, वहीं सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर है।
नदी, डैम और पार्कों में सुरक्षा के लिहाज से आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोर व फायर ब्रिगेड को तैनात रखा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों की जगह जेल में होगी। उन्होंने आमजन से शालीनता पूर्वक होली मनाने की अपील करते हुए पुलिस बल को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। शाम को सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस अपनी मौजूदगी और सुरक्षा का अहसास कराएगी।
रिपोर्ट,मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

