रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: लैलूंगा में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। राज्य शासन के सख्त निर्देशों के पालन में तमनार से लेकर लैलूंगा विकासखंड तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला प्रशासन, पुलिस, कृषि, आबकारी और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने लैलूंगा तहसील के ग्राम नवीन घटगांव और मुड़ागांव में छापेमारी कर अफीम की अवैध खेती पकड़ी है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 61 किलोग्राम से अधिक अफीम और उससे संबंधित सामग्री जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरे ऑपरेशन की शुरुआत तमनार क्षेत्र के ग्राम आमाघाट से हुई थी, जहां संयुक्त टीम ने लगभग 60,326 अफीम के पौधे और 3 किलोग्राम तैयार अफीम बरामद की थी। उस मामले में आरोपी मार्शल संगा और एमानुएल भेंगरा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जिले के अन्य हिस्सों में सघन फिजिकल और ड्रोन सर्वे शुरू किया। इसी कड़ी में 23 मार्च को लैलूंगा के नवीन घटगांव में दबिश दी गई, जहां सादराम नागवंशी नामक व्यक्ति अपने खेत के एक हिस्से में अवैध रूप से अफीम की खेती करते पाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में अफीम के सूखे पत्ते और डंठल बरामद किए हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को साक्ष्य मिटाने की कोशिशों का भी सामना करना पड़ा। ग्राम नवीन घटगांव के ही एक अन्य मामले में आरोपी अभिमन्यु नागवंशी के घर से जब 14 किलोग्राम सूखी फसल बरामद की गई, तब आरोपी साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास कर रहा था जिसे टीम ने मुस्तैदी से विफल कर दिया। इसी तरह मुड़ागांव में आरोपी तानसिंह नागवंशी ने भी पकड़े जाने के डर से फसल को छोटे टुकड़ों में काटकर छिपा दिया था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से वह बच नहीं सका। इन सभी मामलों में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब आधुनिक ड्रोन तकनीक का व्यापक इस्तेमाल कर रही है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस संबंध में सख्त संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार, खेती या भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे जागरूक नागरिक बनते हुए ऐसी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि नशा मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version