डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार, 10 अगस्त 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
कलेक्टर द्वारा 9 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों पर लागू रहेगा। इसके अलावा आश्रम शालाएं, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय तथा अन्य मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान भी आदेश के दायरे में शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने लगातार बारिश के चलते उत्पन्न परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। आदेश के तहत 10 अगस्त को विद्यार्थियों की विद्यालयों में उपस्थिति नहीं होगी।
हालांकि, अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। सभी शिक्षक एवं अन्य शैक्षणिक कर्मचारी अपने निर्धारित विद्यालयीन समय में अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर विभागीय एवं आवश्यक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कलेक्टर का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, जिला पंचायत, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जनजातीय कार्य विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई एवं पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
