फर्जी दस्तावेजों के सहारे स्पंज आयरन की तस्करी का भंडाफोड़: महासमुंद पुलिस ने 42 लाख के माल समेत 3 आरोपियों को दबोचा
महासमुंद। जिला पुलिस ने अवैध रूप से स्पंज आयरन की चोरी करने, उसका अवैध परिवहन करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसे खपाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बसना पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्यवाही में दो ट्रकों समेत करीब 42 लाख रुपये की कुल संपत्ति जप्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
घटनाक्रम के अनुसार, बसना पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक CG 04 JC 4585 और CG 07 AV 5290 में संदिग्ध रूप से स्पंज आयरन भरकर ओडिशा से रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर दोनों ट्रकों को रोका। जाँच के दौरान ट्रक चालकों, सोनूलाल मोंगरे (सिंघोड़ा) और रामेश्वर मानिकपुरी (सरायपाली) से पूछताछ की गई। ट्रकों की तलाशी लेने पर उनमें भारी मात्रा में स्पंज आयरन लोड पाया गया।
फर्जीवाड़े का ऐसे हुआ खुलासा
जब पुलिस ने आयरन स्पंज से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो चालकों ने ‘जय भोले इस्पात रायगढ़’ के बिल प्रस्तुत किए, जिसमें माल को रायगढ़ से रायपुर ले जाने का जिक्र था। हालांकि, तकनीकी जांच और गहन पूछताछ में दस्तावेजों और परिवहन के मार्ग में भारी भिन्नता पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर यह सच सामने आया कि यह सारा माल ओडिशा के बरगढ़ जिले के लोहराचट्टी स्थित रंजित सिंह के गोदाम से लोड किया गया था। रंजित सिंह हाईवे पर चलने वाले ट्रक ड्राइवरों को लालच देकर उनसे थोड़ा-थोड़ा लोहा कम दाम में खरीदता था और फिर फर्जी कूट रचित दस्तावेज तैयार कर उसे वैध दिखाने की साजिश रचता था।
जप्त संपत्ति और कानूनी कार्यवाही
पुलिस ने इस कार्यवाही में कुल 68.755 मीट्रिक टन स्पंज आयरन जप्त किया है, जिसकी बाजार दर करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त दो ट्रकों (कीमत 20 लाख रुपये) को भी जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनूलाल मोंगरे, रामेश्वर मानिकपुरी और मुख्य साजिशकर्ता रंजित सिंह शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(4), 317(2), 336(2), 338, 340 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। इस पूरी कार्यवाही में बसना थाना पुलिस की अहम भूमिका रही
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

