डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

*प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का शहपुरा में निरीक्षण, नोडल अधिकारी ने जमीनी हकीकत परखी*

डिंडौरी, 18 मई 2026
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति और प्रभाव का जायजा लेने जिला एवं राज्य नोडल अधिकारी मनोज पुष्प सोमवार को शहपुरा विकासखंड पहुंचे। उन्होंने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित उपार्जन केंद्र शहपुरा सहित ग्राम पंचायत इंदौरी और पोस्ट चंदवाही का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने कवर्ड मल्टीलेयर निर्माण, मछली जलकुंड, तिलहन बीज वितरण, कोदो-कुटकी उपार्जन केंद्र तथा सोख पिट निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत इंदौरी में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में नोडल अधिकारी ने समूह की महिलाओं से संवाद कर स्वरोजगार, आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता को लेकर चर्चा की तथा उन्हें शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में एक स्व-सहायता समूह की सदस्य ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने समूह से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर कवर्ड मल्टी लेयर सब्जी फार्म शुरू किया, जहां विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। बाजार में सब्जियों की बिक्री से उन्हें बेहतर आय प्राप्त हो रही है, जिससे परिवार को आर्थिक मजबूती मिली है।

नोडल अधिकारी मनोज पुष्प ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांवों में आत्मनिर्भरता और विकास की नई तस्वीर उभर रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, कृषि उपसंचालक संजय जोशी, अभिलाषा चौरसिया, सहायक आयुक्त सहकारिता अरूण मसराम, जेपी द्विवेदी, एनआरएलएम प्रभारी अर्पणा पाण्डेय, सहायक संचालक मत्स्य राकेश चंदेल, परियोजना संचालक आत्मा आरपीएस नायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Exit mobile version