पारिवारिक विश्वास का कत्ल: बेटी ही निकली 74 लाख के गहनों की चोर, पुलिस ने बरामद किया 513 ग्राम सोना
भिलाई। भिलाई भट्ठी पुलिस ने घरेलू चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने ही घर से लाखों के जेवरात पार कर दिए थे। प्रार्थी एम. नचैय्या की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी एम. श्यामला (26 वर्ष) को हिरासत में लिया, जिसने व्यक्तिगत आर्थिक लाभ के लिए अपने परिवार के भरोसे का फायदा उठाते हुए लगभग 60 तोला सोना चोरी करने की बात स्वीकार की है।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी ने चोरी के गहनों का एक बड़ा हिस्सा पावर हाउस स्थित IIFL फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फाइनेंस कंपनी से 443 ग्राम सोना बरामद किया, जबकि 70 ग्राम जेवरात पहले ही आरोपी के पास से जप्त किए जा चुके थे। अब तक कुल 513 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 74 लाख रुपए बताई जा रही है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अब अन्य संभावित मददगारों की भूमिका की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही जारी है।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
