पन्ना विकास को लेकर नई दिल्ली में सक्रिय हुए विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की भेंट।।

 

पन्ना मध्यप्रदेश

 

पन्ना विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने नई दिल्ली में देश के कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

भेंट के दौरान विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत पन्ना विधानसभा क्षेत्र में नई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने आवेदन के माध्यम से बताया कि क्षेत्र के अनेक गांव, मजरे, टोले और छोटे-छोटे बस्तियां आज भी सड़क संपर्क से वंचित हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

उन्होंने मांग रखी कि ऐसे सभी गांवों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क सुविधा से जोड़ा जाए, जहां की आबादी 100 या उससे अधिक है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज होगी और लोगों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और कनेक्टिविटी को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

 

विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से पन्ना विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीण अंचल में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा।।

 

रिपोर्ट 

आशिफ खान

Leave A Reply

Exit mobile version