45.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद, मोबाइल और नकदी सहित 9.53 लाख रुपये की मशरूका जब्त। पूर्व में भी चिट्टा मामले में जेल जा चुका है आरोपी तरुण बजाज।
रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीर नगर पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री में संलिप्त एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन के निर्देशन में थाना कबीर नगर पुलिस ने 30 अक्टूबर को नहर रोड स्थित फोर व्हीलर वाशिंग सेंटर, रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 45.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण बजाज (31 वर्ष), निवासी टिकरापारा रायपुर और खुशी गभाने (21 वर्ष), निवासी टीचर कॉलोनी, कोटा रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के अलावा एप्पल आईफोन-11, ओप्पो मोबाइल, अन्य मोबाइल फोन और नगद राशि सहित कुल 9 लाख 53 हजार 100 रुपये की मशरूका जब्त की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी तरुण बजाज पूर्व में भी थाना डीडी नगर के चिट्टा संबंधी प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
मामले में थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 231/2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
