धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भखारा हत्याकांड के सभी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी राहुल ‘सरकार’ पहुँचा सलाखों के पीछे
भखारा/धमतरी: जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर चौक में हुई बुजुर्ग अन्नु निर्मलकर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के कड़े निर्देशों के बाद भखारा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए प्रकरण के फरार मुख्य आरोपी राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ ‘सरकार’ को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही एक आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को जेल भेज चुकी है, वहीं घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 06 मई की रात महावीर चौक पर पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट के विवाद को लेकर आरोपियों ने प्रार्थी संतोष निर्मलकर के परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों की मौजूदगी में नाबालिग बालक ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भखारा पुलिस ने तत्काल धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की घेराबंदी शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी राहुल कंवर (20 वर्ष) भखारा का ही निवासी है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हुई है और सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

