डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
30 से 35 परिवार परेशान, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित; मोबाइल चार्ज करने दूसरे मोहल्ले जाने की मजबूरी
डिंडौरी। विकासखंड डिंडौरी अंतर्गत ग्राम अझवार रैयत के बैगा बाहुल्य मुक्कदम टोला में पिछले करीब एक से डेढ़ महीने से विद्युत आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों के अनुसार टोले का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से बिजली बंद पड़ी है। समस्या को लेकर विद्युत विभाग को मौखिक और लिखित रूप से सूचना देने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर का सुधार नहीं कराया गया है। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गांव का बिजली बिल बकाया होने के कारण ट्रांसफार्मर का सुधार नहीं कराया गया।
मुक्कदम टोला में करीब 30 से 35 परिवार निवास करते हैं। लंबे समय से बिजली नहीं होने के कारण शाम होते ही पूरा टोला अंधेरे में डूब जाता है। ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा के कामकाज की परेशानी खड़ी हो गई है। हालात यह हैं कि मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए भी लोगों को दूसरे मोहल्लों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर
विद्युत आपूर्ति बंद होने का सीधा असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बच्चे शाम और रात के समय ठीक से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। एक महीने से अधिक समय से यही स्थिति बने रहने के कारण अभिभावकों की चिंता भी बढ़ रही है।
जंगल से लगा टोला, अंधेरे में सुरक्षा की चिंता
मुक्कदम टोला जंगली क्षेत्र से लगा हुआ है। ऐसे में रात के समय अंधेरा ग्रामीणों के लिए महज असुविधा नहीं, बल्कि सुरक्षा से जुड़ी चिंता भी बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में कीड़े-मकोड़ों और वन्य जीवों का खतरा बना रहता है। बिजली नहीं होने के कारण लोगों को रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
विभाग ने कहा—बिल बकाया, इसलिए नहीं कराया सुधार
मामले को लेकर जब डिंडौरी विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि गांव का बिजली बिल बकाया होने के कारण खराब ट्रांसफार्मर का सुधार नहीं कराया गया है। विभाग के इस पक्ष के बाद सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि कुछ उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है तो नियमित रूप से बिल जमा करने वाले परिवारों के लिए विद्युत आपूर्ति बहाल करने की क्या व्यवस्था है और लंबे समय से अंधेरे में रह रहे बैगा बाहुल्य टोले की समस्या का समाधान कब तक होगा।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मामले का शीघ्र समाधान निकालकर खराब ट्रांसफार्मर का सुधार कराया जाए और मुक्कदम टोला में नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि करीब 30 से 35 परिवारों को लंबे समय से जारी परेशानी से राहत मिल सके।
