थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर के नेतृत्व में कार्रवाई, तलवारनुमा चाकू सहित ई-रिक्शा की 4 बैटरियां जब्त; चोरी के मामले में तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार।
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में थाना आजाद चौक पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तलवारनुमा चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक और ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से हथियार, चोरी की बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर के नेतृत्व में की गई।
कारी तालाब के पास चाकू लहराने वाला युवक गिरफ्तार।
23 अक्टूबर 2026 को आजाद चौक पुलिस को सूचना मिली कि कारी तालाब के पास एक युवक हाथ में तलवारनुमा चाकू लेकर लहरा रहा है और आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान हर्ष साहू उर्फ समीर (20 वर्ष), पिता जगदीश साहू, निवासी चंगोराभाठा, अमर पब्लिक स्कूल के पास, थाना डीडी नगर, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तलवारनुमा चाकू जब्त कर अपराध क्रमांक 267/26, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार।
दूसरे मामले में प्रार्थी ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर 2026 को उसके ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 PC 2368 और CG 04 PJ 9147 से अज्ञात आरोपी ने चार बैटरियां चोरी कर ली थीं। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 266/26, धारा 305(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों के माध्यम से आरोपी की पतासाजी की। प्राप्त साक्ष्यों और जानकारी के आधार पर पुलिस ने थाना तेलीबांधा के हिस्ट्रीशीटर राजा मेघानी (38 वर्ष), पिता मोहनलाल मेघानी, निवासी काशीराम नगर, धोबी गली, थाना तेलीबांधा, रायपुर को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से एक्साइड कंपनी की चार चोरी की बैटरियां और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 PF 8961 जब्त किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
आजाद चौक पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

