गरियाबंद पुलिस की जन चौपाल: ग्रामीणों से सीधा संवाद, सुरक्षा के लिए CCTV लगाने की अपील

अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की पहल, साइबर अपराध व धोखाधड़ी के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक

 

गरियाबंद, 23 अक्टूबर 2026। जिले में अपराधों की रोकथाम, जनसुरक्षा को मजबूत बनाने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और व्यापारी संघों से सीधा संवाद कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

 

जन चौपाल में साइबर अपराध, उठाईगीरी, धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया।

 

CCTV कैमरे लगाने पर विशेष जोर

 

पुलिस अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण और आरोपियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता बताते हुए व्यापारी संघों एवं ग्रामीणों से अपने प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में सहायक हैं, बल्कि किसी आपराधिक घटना के बाद साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की पहचान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

एसपी की अपील—जनसुरक्षा में निभाएं अपनी भागीदारी

 

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने जिलेवासियों से अपील की कि सुरक्षित समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से संभव है। उन्होंने व्यापारी वर्ग और ग्रामीणों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आगे आने तथा अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया।

 

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version