जिला पंचायत सीईओ ने ली पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में समीक्षा बैठक

 

लक्ष्य निर्धारित कर योजना की प्रगति में तेजी लाने दिए के निर्देश

 

मुंगेली 15 अप्रैल 2026//  जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति को गति देने कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीईओ श्री पाण्डेय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में योजना की विस्तृत समीक्षा कर लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सीईओ ने विकासखंडवार स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्देशित किया कि प्रतिदिन 30 नए आवेदन का पंजीयन, 30 वेंडर चयन, 10 ऋण प्रकरणों का वितरण तथा 10 सोलर इंस्टॉलेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और समयसीमा में लक्ष्यों की पूर्ति करने के लिए कहा। सीईओ ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बैंक अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि ऋण प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

सीईओ श्री पाण्डेय ने योजना की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा मैदानी स्तर पर कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। बैठक में ईई सीएसपीडीसीएल, एई, जेई के साथ-साथ अधिक लंबित प्रकरण वाले बैंक मैनेजर, विभिन्न जनपदों के पीएम सूर्यघर योजना के प्रभारी एवं एडीईओ उपस्थित रहे।

 

राज शेखर यादव 

 ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली

Leave A Reply

Exit mobile version