डिंडौरी मध्यप्रदेश

दवा स्टॉक से लेकर वार्डों तक की जांच, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

डिंडौरी, 24 मार्च 2026
मंगलवार शाम कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने डिंडौरी जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, वार्डों की स्थिति और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में लोक निर्माण विभाग द्वारा नाले में किए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर अप्रैल 2026 के अंत तक पूरा किया जाए। इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा बनाए गए पुराने शौचालय को शीघ्र दुरुस्त कर पुनः संचालन में लाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, दवा भंडार कक्ष, पीएनसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, प्रयोगशाला, पुरुष एवं महिला वार्ड, आईसीयू तथा आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। दवा भंडार कक्ष में उन्होंने स्टॉक रजिस्टर और ऑक्सीजन सिलेंडर वितरण रजिस्टर का परीक्षण कर दवाओं एवं ऑक्सीजन की उपलब्धता की जानकारी फार्मासिस्ट उपेंद्र पाराशर और अरविंद मरावी से ली।

पीएनसी वार्ड में कलेक्टर ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानी। इस दौरान ग्राम देवरी अमरपुर की अनीता ठाकुर के परिजनों ने प्रसव से संबंधित समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित चिकित्सक को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, एसडीएम भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply