डिंडौरी मध्यप्रदेश
डिंडौरी।
मध्यप्रदेश पुलिस के प्रदेश स्तरीय अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत डिंडौरी पुलिस ने एक सराहनीय सफलता हासिल करते हुए करीब तीन वर्ष से लापता नाबालिग बालिका को जम्मू-कश्मीर से सकुशल बरामद कर लिया। इस उपलब्धि ने न केवल एक परिवार को बड़ी राहत दी है, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली डिंडौरी में वर्ष 2023 में अपराध क्रमांक 87/2023, धारा 363 भादवि के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार बालिका की तलाश में जुटी हुई थी। लंबे समय तक चले प्रयास, तकनीकी साक्ष्यों और सुनियोजित रणनीति के आधार पर पुलिस टीम को बालिका के जम्मू-कश्मीर राज्य के जिला कठुआ अंतर्गत राजबाग थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली।
सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। यह मिशन काफी चुनौतीपूर्ण था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी सतीश द्विवेदी के निर्देशन में संपन्न हुई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस सराहनीय कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक मुकेश बैरागी, एएसआई शेख सिराज, आरक्षक विनोद माहौर, प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान एवं आरक्षक जगदीश का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा बच्चों एवं व्यक्तियों की लगातार तलाश कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाने का अभियान निरंतर जारी है। इस सफलता से यह संदेश गया है कि पुलिस हर मामले में गंभीरता से कार्य करते हुए अंतिम परिणाम तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
