छिंदवाड़ा से अभियान की शुरुआत, शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिखाई सख्ती

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा से प्रदेशव्यापी मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले ही दिन मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर तीन अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की कार्रवाई के बाद CMHO छिंदवाड़ा नरेश गुन्नाडे, तहसीलदार परासिया सुनैयना ब्रह्मे और पटवारी सिद्धांत साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना है। शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के शुभारंभ के साथ ही हुई इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर उन्हें शासन-प्रशासन पर भरोसा दिलाया जाए। ब्यूरो छिंदवाड़ा पुलिसवाला_ अमित मिश्रा

Comments are closed.

Exit mobile version