चिरमिरी-नागपुर रोड हॉल्ट रेल परियोजना के लिए 24 से 27 मार्च तक होगा भूमि सर्वे, 5 गांवों में 163 खसरे प्रभावित
मनेन्द्रगढ़ रेलवे की बहुप्रतीक्षित चिरमिरी-नागपुर रोड हॉल्ट रेल परियोजना अब तेजी पकड़ रही है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, मनेंद्रगढ़ से जारी जानकारी के अनुसार परियोजना के तहत प्रभावित गांवों में भूमि अधिग्रहण हेतु संयुक्त सर्वे कार्य 24 मार्च 2026 से 27 मार्च 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इस दौरान 24 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026 तक ग्राम बंजी और सरोला में सर्वे होगा, जबकि 26 मार्च 2026 से 27 मार्च 2026 तक ग्राम चिरईपानी, खैरबना और चित्ताझोर चित्त (तहसील चिरमिरी) में सर्वे किया जाएगा। सर्वे कार्य प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें भूमि का चिन्हांकन, पंचनामा, फोटोग्राफी, भूमि उपयोग का परीक्षण तथा संरचनाओं जैसे मकान, पेड़, कुआं, नलकूप आदि का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा।
इस परियोजना में कुल 5 गांवों के 163 खसरे प्रभावित होंगे, जिनमें बंजी के 55, सरोला के 11, चिरईपानी के 41, खैरबना के 34 और चित्ताझोर के 22 खसरे शामिल हैं। प्रशासन ने सभी प्रभावित भूस्वामियों, सह-स्वामियों एवं कब्जाधारियों से अपील की है कि वे अपने भूमि संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे खसरा, बी-1, ऋण पुस्तिका, विक्रय पत्र, बंटवारा, न्यायालय में लंबित प्रकरणों की जानकारी आदि के साथ निर्धारित तिथियों में मौके पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सर्वे टीम को सहयोग प्रदान करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति सर्वे के दौरान अनुपस्थित रहता है या सहयोग नहीं करता है, जिससे आवश्यक तथ्य छूट जाते हैं, तो भविष्य में उत्पन्न होने वाले किसी भी विवाद की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं होगी।
